छपरा : बिहार में सारण जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर एक युवती की गला दबाकर हत्या कर दी गयी। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि जिले के तरैया थाना क्षेत्र के तरैया बाजार निवासी दिलीप सिंह की पुत्री खुशी कुमारी (22) की शादी पिछले वर्ष इसुआपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी धीरज सिंह से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने खुशी कुमारी की हत्या गले में फंदा लगाकर कर दी है।
सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके वालों ने इस बात की सूचना इसुआपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। पुलिस मृतका के मायके वालों से प्राप्त आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
दहेज की मांग को लेकर युवती की हत्या
