जयपुर : सतीश पूनियां ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश की जरुरत बताते हुए कहा है कि पूरा 140 करोड़ का देश मोदी के साथ एक परिवार के रूप में मजबूती से खड़ा है, ऐसे में विपक्ष कितना ही प्रोपेगेंडा एवं अमर्यादित व्यवहार करे लेकिन मोदी की लोकप्रियता दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
डा पूनियां ने लोकसभा चुनाव को लेकर बुधवार को यहां मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा और श्री मोदी का कुशल नेतृत्व लोकसभा चुनाव में पूरे मिशन के लिए प्रतिबद्ध है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 400 सीटें एवं भाजपा को 370 सीटें और राजस्थान में भाजपा को 25 सीटें मिलें, इस बात के लिए पार्टी और कार्यकर्ता संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी धरातल पर निरंतर मजबूती की कवायद कर रही है आर लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मोदी से लेकर पार्टी का कोई कार्यकर्ता सोता नहीं है। पार्टी में जो उम्मीदवारों का चयन है वह देश में हर वर्ग को अलग-अलग तरीके से हर तबके को सम्मान देते हुए अच्छी सूची आई है और इसी तरीके से आगे भी कार्यकर्ताओं को अवसर मिलेंगे, आगामी दिनों में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होने के बाद शेष नामों की घोषणा कर दी जाएगी।
पूरा देश मोदी का परिवार के सवाल के जवाब में डॉ. पूनियां ने कहा कि वर्ष 2014 में जब से प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का आगमन हुआ है। तभी से कांग्रेस के पेट में लगातार दर्द हुआ है क्योंकि विपक्ष के लोगों को सत्ता से बाहर रहने की आदत नहीं है, इनकी सत्ता की मलाई पर श्री मोदी ने पूरी तरीके से पाबंदी लगा दी है। ऐसे में कांग्रेस के पेट में दर्द होना स्वाभाविक था लेकिन जिस तरीके के हल्के शब्दों का इस्तेमाल हुआ, प्रधानमंत्री पद की मर्यादा के खिलाफ जो कहा गया, वह चाहे श्री लालू यादव कहे या कांग्रेस का कोई नेता कहे, देश की जनता इस तरीके की अमर्यादित भाषा को स्वीकार नहीं करती।
उन्होंने कहा कि यही कारण है कि विपक्षी लोगों ने जिस तरीके से हल्के शब्दों में प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की, उससे देश की जनता में रोष है और भारत की जनता एवं भाजपा का पूरा परिवार प्रधानमंत्री के साथ एकजुटता के साथ खड़ा हुआ है और जो भावनात्मक संदेश दिया है उसने श्री मोदी को और ज्यादा लोकप्रिय एवं ताकतवर बनाया है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने जिस तरीके से विकास की मजबूती से बुनियाद रखकर देश में बदलाव का काम किया है और भारत का नाम पूरी दुनिया में किया, आज मोदी देश की जरूरत बन गए हैं।
डा पूनियां ने कहा कि विपक्ष कितना ही प्रोपेगेंडा करे, कितना ही उनका विरोध करे, जितने अमर्यादित शब्द बोले, लेकिन लगता है कि श्री मोदी की लोकप्रियता दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और उनको ताकत मिलती जा रही है। मोदी इस समय देश की जरूरत हैं और पूरा 140 करोड़ का देश मोदी के साथ एक परिवार के रूप में खड़ा है, उनके इमोशन के साथ खड़ा है, उनके विजन के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का जो काम करने एवं विरोध करने का तरीका है वह केवल उनके अमर्यादित शब्दों तक है, धरातल पर विपक्ष के नाते उनकी भूमिका नगण्य है।
मोदी देश की जरूरत-पूनियां
