जालंधर : पंजाब के जालंधर में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह मामले में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 22 किलोग्राम अफीम के साथ नौ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के मामले में यह सफलता प्राप्त हुयी। पुलिस आयुक्त ने रविवार को बताया कि गहन जांच के आधार पर झारखंड निवासी अभि राम उर्फ एलेक्स को 12 किलोग्राम अफीम के साथ रांची से गिरफ्तार किया गया है। इसी प्रकार जालंधर के मनी, पवन और सिकंदर तथा होशियारपुर के बलिहार को पांच किलो अफीम, तीन वाहन और पैकेजिंग सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि चारों की अपनी कूरियर कंपनी/फर्में थीं जो अफीम को इकट्ठा करने, पैक करने और दिल्ली कस्टम को कूरियर करने में शामिल थीं। उन्होंने कहा कि ये लोग ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में स्थित पांच विदेशी संगठनों से अफीम पैकेटों के वितरण स्थान का विवरण प्राप्त करते थे।श्री शर्मा ने कहा कि जालंधर की अमरजीत कौर और सन्नी को गिरफ्तार किया गया है। वे हवाला के जरिए देश में ड्रग मनी के वितरण में शामिल थे।
उन्होंने कहा कि उनके पास से ड्रग मनी ट्रांसपोर्ट करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली गाड़ी भी जब्त की गई है और वेस्टर्न यूनियन संचालक अमित शुक्ला को भी फगवाड़ा से गिरफ्तार किया गया है। वह पंजाब, झारखंड और दिल्ली में हवाला लेनदेन में शामिल था, जहां विदेशों से नशीली दवाओं का पैसा ऑपरेटरों को वितरित किया जाता था। उन्होंने कहा कि दिल्ली के प्रमोद को दिल्ली के कस्टम अधिकारियों के साथ मिलीभगत के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। विदेश भेजने के लिए प्रत्येक पार्सल को मंजूरी देने के लिए कस्टम अधिकारियों को भारी रकम का भुगतान किया गया था। श्री शर्मा ने कहा कि कस्टम विभाग के छह अधिकारियों को भी नामजद किया गया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि नौ करोड़ रुपये की बड़ी रकम वाले 30 बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं और छह करोड़ की 12 संपत्तियों की पहचान की गई है। उल्लेखनीय है कि पुलिस ने तीन मार्च को एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग गिरोह का भंडाफोड़ किया और पांच किलोग्राम अफीम के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह के नौ सदस्य गिरफ्तार
