गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

 महिला की चाकू मारकर हत्या

संतकबीरनगर : उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में रविवार को सुहेल भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की महिला मोर्चा की प्रदेश महासचिव नंदिनी राजभर की चाकू से हत्या कर दी गयी। पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर बृजेश सिंह ने बताया कि ग्राम डीघा में आज शाम करीब चार बजे 30 वर्षीया सुभासपा नेत्री की उनके घर में अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से गोद कर हत्या कर दी। घटना के समय घर के अन्य सदस्य बाहर थे।
उन्होने बताया कि नंदिनी राजभर आज जिला मुख्यालय स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा आयोजित स्वयं सेवक समागम कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गई थीं। वहां से लौटने के बाद घर का कामकाज निपटाया। इस दौरान उनके पति अच्छे लाल मजदूरी के लिए जा चुके थे और घर के अन्य सदस्य तामेश्वरनाथ मेला देखने चले गए थे। शाम लगभग चार बजे नंदिनी को किसी ने चाकू से कई वार करके उनकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार पड़ोसियों द्वारा घटना के संबंध में अनभिज्ञता जताई जा रही है जबकि घटना आबादी के बीच की है। ग्राम/मुहल्ला डीघा के सभासद बैजनाथ चौरसिया ने बताया कि कुछ दिनों पहले गांव के एक व्यक्ति की शव रेलवे ट्रैक पर मिला था। इस मामले को लेकर मृतका नंदिनी राजभर ने आंदोलन का नेतृत्व किया था और मुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर आरोप लगाया था कि मृतक बाल किसुन की जमीन का बैनामा कुछ लोगों ने छल करके करा लिया था। इसी मामले को दबाने के लिए कुछ लोगों ने बाल किसुन की हत्या करके शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। नंदिनी के नेतृत्व में हुए आंदोलन से दबाव में आई पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *