चार हथगोले बरामद
श्रीनगर : जम्मू -कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया और उसके पास से चार हथगोले बरामद किये। सेना ने बुधवार को यह जानकारी दी। सेना ने कहा कि गिरफ्तारी एक विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम के साथ कुरहामा में की गई थी। सेना के श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा आज खुरहामा, कुपवाड़ा में एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया था। इस दौरान चार हथगोलों और युद्ध जैसी अन्य सामग्रियों की बरामदगी के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया गया।” सेना की ओर से कहा गया है कि पुलिस द्वारा संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। सेना द्वारा संदिग्ध की पहचान तुरंत उजागर नहीं की गई है।
