गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

वाहन चोर गैंग का भंडाफोड़, 21 बाइक बरामद

बहराइच : उत्तर प्रदेश के बहराइच ज़िले की रुपईडीहा पुलिस ने वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश करते हुये तीन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 21 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने गुरुवार को बताया कि नेपाल सीमा पर आईसीपी चौराहे पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉक्टर पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ राहुल पांडेय के निर्देशन प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह की टीम बीती मध्य रात्रि वाहनों की जांच कर रही थी कि रात 12.40 बजे एक बाइक सवार आया, जिसके बारे में पुलिस ने पूछताछ की।
पुलिस की पूछताछ में एक युवक ने हरदी क्षेत्र से आने की बात कही। इस पर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में सभी ने बाइक चोरी की होने और जंगल से सटे चकिया रोड के करीबी बक्शी गांव में स्थित एक खंडहर में 20 अन्य बाइक रखने की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि सभी बाइक बरामद की गई। पकड़े गए चोरों की पहचान हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम एरिया शंकरपुर बभनौटी गांव निवासी प्रेम कुमार चौहान, लोनियनपुरवा गांव निवासी तीरथ राम और जय जय राम यादव पुत्र रंगलाल यादव के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है जबकि बरामद बाईकों को सीज कर दिया गया है। खुलासा करने वाली टीम को दस हजार रुपये के नाम से पुरस्कृत किया गया है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह, विजय कुमार, संतोष कुमार, हेड कांस्टेबल मुलायम यादव, धीरेंद्र प्रताप सिंह, अजय राणा, सिपाही संदीप चौहान, संजय गौड़ और अंकुर यादव सूरत सिंह शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने बताया कि बाइक चोर बहराइच जिले के साथ सीतापुर, बाराबंकी और लखनऊ से बाइक की चोरी करते थे। इसके बाद सभी नेपाल में जंगल के रास्ते बाइक की बिक्री कर देते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *