भीलवाड़ा : राजस्थान में रायला थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार को कार से तस्करी कर ले जाया जा रहा 28 किलोग्राम डोडा-पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी बच्छराज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान भीलवाड़ा की ओर से आयी एक स्विफ्ट कार को रोका। चालक से पूछताछ में उसने खुद को शिवाजी नगर पाली हाल महाराणा प्रताप चौराहा सूर्य कॉलोनी पाली निवासी किशोर गिरी गोस्वामी बताया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिक्की में 28 किलोग्राम डोडा पोस्त पाया गया। बरामद डोडा-पोस्त की कीमत चार लाख रुपये आंकी गयी है। पुलिस ने कार सहित डोडा-पोस्त जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
