सूरत : गुजरात में सूरत जिले के कामरेज तालुका में मांकणा/वलथाण ग्राम पंचायत के तलाटी सह मंत्री को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने 40,000 रुपये रिश्वत लेते हुए मंगलवार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी सूत्रों ने बताया कि शिकायतकर्ता की किराये पर रखी संपत्ति के भूतल का टैक्स बिल (वेराबिल) में उल्लेख नहीं किया गया था। शिकायतकर्ता को जीएसटी नंबर और बिजली कनेक्शन लेने के लिए टैक्स बिल की जरूरत थी। जिससे शिकायतकर्ता ने मांकणा/वलथाण ग्राम पंचायत के तलाटी कम मंत्री भरतभाई क. वाणा से संपर्क किया। भरतभाई ने कहा कि टैक्स बिल में उस जगह का उल्लेख कराना चाहते हो तो 40 हजार रुपये दो, तुम्हारा काम हो जाएगा।
शिकायत कर्ता रिश्वत की रकम नहीं देना चाहता था जिससे उसने एसीबी से संपर्क कर शिकायत दर्ज करायी। शिकायत के आधार पर एसीबी ने वलथाण ग्राम पंचायत कार्यालय में जाल बिछाकर भरतभाई वाणा को शिकायतकर्ता के साथ उद्देश्यपूर्ण बातचीत करते और रिश्वत स्वीकार करते हुए आज रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी ने मामला दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
