मुंडन के बाद नहाने गया था युवक, गहराई में गया, बचाने के दौरान 4 और डूबे
बेगूसराय। बेगूसराय के सिमरिया गंगा घाट पर मुंडन संस्कार के बाद नहाने के दौरान 5 युवकों की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। स्थानीय मछुआरों ने पांचों युवकों के शव नदी से निकाले। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
बरौनी निवासी राजू साह के बेटे का आज सिमरिया में मुंडन संस्कार था?। इसी मुंडन में शामिल होने के लिए उसके परिवार के लोग सिमरिया गए थे। मुंडन के बाद गंगा स्नान करने के दौरान पांच युवक स्नान करते-करते काफी गहरे पानी में चले गए, जिससे पांचों की डूबने से मौत हो गई।
मृतकों में बरौनी निवासी सोनू साह के दो बेटे रोहित कुमार और उसका भाई बाबू साहेब, चंदन राम का बेटा कर्तव्य कुमार, प्रकाश मिश्रा का बेटा ओम मिश्रा और अधिक साह का बेटा अजय कुमार शामिल हैं। बताया जा रहा है कि एक युवक डूबने लगा तो उसे बचने के लिए चार युवक और पानी में गए और सभी डूब गए।
एसडीआरएफ की तैनाती, फिर भी गोताखोर नहीं
वहीं घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची है। सभी शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है। एक साथ पांच युवकों की मौत से गांव में कोहराम मच गया है।
मृतक रोहित के भाई ने बताया कि मुंडन के बाद सभी लोग स्नान कर रहे थे। वह भी किनारे में स्नान कर रहा था, इसी दौरान उसके दोनों भाई समेत पांच युवक स्नान करते-करते सिमरिया घाट के अंदर चले गए और सभी डूब गए। सिमरिया में स्थाई रूप से एसडीआरएफ की तैनाती की गई है, लेकिन घटना के वक्त एक भी गोताखोर नहीं थे। इन लोगों की हुई मौत रोहित कुमार (21), बाबू साहेब (17) , कर्तव्य कुमार (20),ओम मिश्रा (17) और अजय कुमार (18)
बेगूसराय में नदी में डूबने से 5 युवकों की मौत
