अररिया : बिहार के अररिया जिले में बकरा नदी पर 12 करोड़ रुपए की लागत वाला निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा मंगलवार को ढह गया लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कुरुक्षेत्र और सिकटी को जोड़ने के लिए बकरा नदी पर बन रहे पुल का एक हिस्सा ढह गया। इसका निर्माण 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा था। पुल का निर्माण कार्य प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण योजना के तहत वर्ष 2021 में शुरू हुआ था। निर्माणाधीन पुल की लंबाई 182 मीटर है।
सिकटी के विधायक विजय कुमार ने पुल ढहने की घटना की गहन जांच की मांग की है। उन्होंने निर्माण कंपनी पर लापरवाही बरतने और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके लिए राहत की बात है कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
श्री कुमार ने मांग की, “इस मामले में दोषी पाए गए सभी लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना चाहिए।” उन्होंने कहा कि पुल ढहने के लिए जिम्मेदार लोगों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बहुत गंभीर मामला है।
उल्लेखनीय है कि पिछले 13 साल में यह पुल तीसरी बार बन रहा था। बकरा नदी की धारा लगातार बदलते रहने और पुल निर्माण की तकनीकी खामियों के चलते काशी-कामख्या ऐतिहासिक सड़क पर अररिया-किशनगंज के बीच पिछले 13 साल में आवागमन चालू नहीं हो सका है। सड़क के बीच में आने वाली बकरा नदी पर सिकटी के पड़रिया धार में पुल बनना शुरू होते ही नदी ने दो बार धारा बदल ली। इसलिए, पुल बेकार हो गया। अब तीसरी जगह पर पुल बनाया गया था। पिछले 13 वर्षों में पुल निर्माण के लिए 43 करोड़ की स्वीकृति मिली है।
अररिया में ढह गया 12 करोड़ की लागत से बना पुल
