गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

धान समेत 14 फसलों का बढ़ा एमएसपी

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने खरीफ सीजन 2024 – 25 के लिए धान, बाजरा, मक्का, तिल और कपास समेत 14 फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में धान, ज्वार, बाजरा, रागी, मक्का, अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली, सूरजमुखी, सोयाबीन, तिल काला तिल और कपास का समर्थन मूल्य बढ़ाने की प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।
बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सरकार के इस फैसले से किसानों के पास दो लाख करोड रुपए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सरकार ने किसानों को उनकी उपज के लिए लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने के लिए विपणन सत्र 2024-25 के लिए खरीफ फसलों के एमएसपी में वृद्धि की है। पिछले वर्ष की तुलना में एमएसपी में सबसे अधिक वृद्धि तिलहन और दलहन के लिए की गई है। काला तिल के एमएसपी 983 रुपये प्रति क्विंटल, तिल में 632 रुपये प्रति क्विंटल और अरहर में 550 रुपये प्रति क्विंटल‌ की बढ़ोतरी की गई है।
नई घोषणा के अनुसार खरीफ सीजन 2024 -25 में धान के लिए एमएसपी 117 रुपए बढ़ाकर 2300 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया गया है। ग्रेड ए के लिए यह 2320 रुपए प्रति क्विंटल होगा। ज्वार- संकर का एमएसपी 191 रुपए बढ़ाकर 3571 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है। ज्वार- मालडंडी का एमएसपी 196 रुपए बढ़ाकर 3421 रुपए प्रति क्विंटल होगा।
बाजरे का एमएसपी 125 रुपए बढ़ाकर 2625 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है। रागी का एमएसपी 444 रुपए बढ़ाकर 4290 रुपए प्रति क्विंटल हो गया है। मक्का का एमएसपी 135 रुपए बढ़ाकर 2225 रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया गया है।
अरहर के एमएसपी में 550 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। इसका एमएसपी 7550 रुपए प्रति क्विंटल होगा। मूंग का एसपी 124 रुपए बढ़कर 8682 रुपए प्रति क्विंटल हो गया है। उड़द का एमएसपी 450 रुपए की वृद्धि के साथ 7400 रुपए प्रति क्विंटल होगा।
मूंगफली का एमएसपी 406 रुपए बढ़कर 6783 रुपए, सूरजमुखी का 520 रुपए बढ़कर 7280 रुपए, तिल का 632 बढ़कर 9267 रुपए और काला तिल का 983 रुपए बढ़कर 8717 रुपए प्रति क्विंटल हो गया है। कपास – मध्यम का न्यूनतम समर्थन मूल्य 501 रुपए बढ़कर अब 7121 प्रति क्विंटल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *