गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

फिरोजाबाद में ट्रक और बस की टक्कर में तीन मरे, 100 घायल

फिरोजाबाद : उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर डबल डेकर बस और ट्रक की भिड़ंत में तीन यात्रियों की मौत हो गयी जबकि 100 अन्य घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार की रात में बहराइच से दिल्ली की ओर जा रही डबल डेकर यात्री बस रोड पर खड़े बालू से भरे ट्रॉला ट्रक से टकरा गई।‌ दुर्घटना की जानकारी होने पर एक्सप्रेस वे की यूपीडा राहत टीम और थाना पुलिस राहत के लिए मौके पर पहुंच गई। घायल यात्रियों को शिकोहाबाद और सैफई अस्पताल के लिए भिजवाया गया।
पुलिस अधीक्षक नगर रणविजय सिंह ने बताया कि बस में करीब 150 यात्री सवार थे। घायलों की संख्या लगभग 100 से भी अधिक है‌। घायलों को शिकोहाबाद की सरकारी अस्पतालों सैफई के मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती कर दिया है। कई की हालत गंभीर है। चालक की मौके पर मृत्यु हो गई। दो गंभीर घायलों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है।‌ बस में जो सुरक्षित यात्री बचे थे, उनके लिए अन्य वाहन की व्यवस्था करके दिल्ली को रवाना कर दिया गया।
माना जा रहा है कि दुर्घटना बस चालक‌ को नींद आने के कारण हुई ,इसके अलावा एक्सप्रेस वे पर रहने वाली यूपीडा की टीम की लापरवाही भी मानी जा रही है क्योंकि रोड पर वाहन खड़े रहने से पहले भी कई बार दुर्घटना हुई है।‌ मृतकों में बस चालक इरफान और यात्री रामदेव‌‌ निवासी बहराइच की पहचान हो गई है एक अन्य मृतक यात्री की पहचान नहीं हो सकी‌ है।‌

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *