गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

श्रद्धालुओं को ले जा रहे वाहन की ट्रक से टक्कर, तीन महिलाओं सहित 8 की मौत

हिसार : हरियाणा में जींद जिले के नरवाना के पास सोमवार देर रात एक ट्रक ने श्रद्धालुओं को ले जा रही टाटा मैजिक को टक्कर मार दी जिससे तीन महिलाओं समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि 10 अन्य लोग गंभीर रूप से
घायल हो गये।
मृतकों की पहचान कुलदीप, गुलजार, सुलोचना, लवली उर्फ सुखदेव, जयपाल, ईशरो उर्फ गुड्डी, चालक राजबीर और एक बच्चा शामिल है। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है। आरोपी ड्राइवर की पहचान राजस्थान के झुंझनू जिले के रहने वाले राकेश के रूप में हुई है। घायलों का उपचार नरवाना के सिविल अस्पताल में किया जा रहा है, जहां से उन्हें हिसार के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार जब कुरुक्षेत्र के मर्छेदी गांव के 15 श्रद्धालु टाटा मैजिक में सवार होकर राजस्थान के गोगामेड़ी धाम पर पूजा करने जा रहे थे। बिरधाना गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टाटा मैजिक को टक्कर मार दी, जिससे मैजिक वाहन सडक़ से नीचे गड्ढों में पलट गया। टक्कर के बाद वाहन में सवार श्रद्धालु बुरी तरह फंस गये और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गयी।
राहगीरों ने घटना स्थल पर पहुंचकर सहायता की कोशिश की, लेकिन अंधेरे के कारण उन्हें सफलता नहीं मिल पायी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो वहां श्रद्धालुओं के बर्तन समेत खाने-पीने का सामान बिखरा हुआ था। वहां लोग खून से लथपथ दर्द से कराह रहे थे। एक बाद एक सात एंबुलेंस मौके पर पहुंची। लोगों को तुरंत नरवाना के सिविल अस्पताल ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक की इलाज के दौरान मौत हो गयी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनायें व्यक्त करता हूं और हादसे में घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *