गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

साय सरकार ‘सीरियल कीलर’ है : कांग्रेस

रायपुर : छत्तीसगढ़ के प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज व नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत ने रविवार को साय-सरकार को ‘सीरियल कीलर’ बताते हुए आरोप लगाया कि यह कभी आदिवासियों को मरवाती है, कभी सतनामियों को, कभी साहू समाज को, आगे पता नहीं किसकी बारी है।
दोनों नेताओं ने यहां राजीव भवन में पत्रकारों से बात करते हुये कहा कि 27 सितंबर से परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी से राजधानी रायपुर तक 125 कि.मी. की पदयात्रा निकालने जा रहे हैं। यह यात्रा गिरौदपुरी से चलकर छठवें दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के दिन दो अक्टूबर को गांधी मैदान रायपुर में समाप्त होगी, जहां विशाल आम सभा होगा।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य रोज हो रही हत्या, लूट, चाकूबाजी, डकैती की घटनाओं से आम आदमी में भय पैदा होने के कारण प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ प्रतिरोध दर्शाना है। राज्य में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध प्रदेश में रोज हो रही दुराचार, सामूहिक दुराचार की घटनाओं के विरोध को दर्शाना भी इस रैली का मुद्दा होगा।
गिरौदपुरी के अमर गुफा में जैतखाम के साथ हुये तोड़-फोड़ के विरोध में बलौदाबाजार मामले में निर्दोषों की गिरफ्तारी का विरोध तथा कांग्रेस नेताओं और सतनामी समाज के लोगों की रिहाई की मांग करना भी हमारा उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि रैली का मकसद कवर्धा के लोहारीडीह में साहू समाज के तीन बेटों की हत्या, प्रशांत साहू की पुलिसिया प्रताड़ना में हुई मौत की न्यायिक जांच हाईकोर्ट के वर्तमान जज की निगरानी में तथा दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किये जाने की मांग भी शामिल है।
श्री बैज ने कहा कि गिरौदपुरी परमपूज्य बाबा गुरू घासीदास की तपोभूमि है, बाबा गुरू घासीदास ने मनखे-मनखे एक समान का संदेश दिया था। समाज में एकता, समानता, समरसता का संदेश दिया था, ऐसे परम पूज्यनीय बाबा के धाम से यात्रा निकाल कर हम प्रदेश में भाईचारा, एकता और अपराधमुक्त छत्तीसगढ़ हर व्यक्ति की सुरक्षा की कामना कर रहे है।
वहीं महंत ने पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुये कहा कि श्री बैज ने घोषणा की है कि कांग्रेस तपोभूमि गिरौदपुरी धाम से छह दिन की पैदल यात्रा करेंगे। इस यात्रा का निर्णय हम सब के सहमति से हुआ और इस यात्रा में पूरे प्रदेश के सभी लोग शामिल होंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार को नौ महीने हुये है और इस सरकार में अत्याचार, अनाचार, दुराचार, मौते, हत्यायें और यहां तक की थाना में जो हत्यायें हो रही हैं। इन सब के खिलाफ में चिंता जाहिर करते हुये इस यात्रा को निकालेंगे और प्रदेश कांग्रेस के सभी साथी उपस्थित रहेंगे, जो लगातार बलौदाबाजार के घटना और कवर्धा के घटना के बाद छत्तीसगढ़ का चाहे सतनामी समाज, साहू समाज चाहे अन्य समाज के प्रति हो, ये सौहार्द नहीं बिगड़ना चाहिये। छत्तीसगढ़ शांति का टापू रहा है और इसलिए शांति का टापू बनाने के लिये इस यात्रा को निकाल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *