पीलीभीत : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे राज्य के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के काफिले में चल रही एक एम्बुलेंस एवं कार आपस में टकराने से दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गये।
पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार प्रभु ने मीडिया को बताया कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पाठक और कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह पीलीभीत दौरे पर आये थे। जब वह गजरौला थाना क्षेत्र के गांव खाग में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने जा रहे थे, उसी समय काफिले में शामिल एंबुलेंस और एक कार की टक्कर हो गयी। इससे उनकी सुरक्षा में चल रही एम्बुलेंस क्षतिग्रस्त हो गई।
गजरौला पुलिस के अनुसार खाग इलाके में मेडिकल कॉलेज के मोड़ पर काफिले में शामिल गाड़ियों की गति धीमी हुई, तभी एंबुलेंस का चालक गति पर नियंत्रण नहीं पा सका और आगे जा रही दूसरी कार से टकरा गया, जिससे कार और एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि उपमुख्यमंत्री की कार पहले ही घटनास्थल से जा चुकी थी। बाद में क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को हटाकर दूसरी एंबुलेंस काफिले में शामिल कर ली गई।
यह दुर्घटना राजमार्ग संख्या 730 पर हुई। उपमुख्यमंत्री के काफिले में शामिल कार का एंबुलेंस से टकराना, सुरक्षा की बड़ी चूक मना जा रहा है। इससे पहले पाठक ने पीलीभीत में पूरनपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने के बाद पाठक ने जिला अस्पताल का भी औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए वहां उपस्थित मरीजों एवं तीमारदारों की शिकायतें भी सुनीं। उन्होंने सीएमएस को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिशा निर्देश दिये।
उपमुख्यमंत्री के काफिले में चल रही एम्बुलेंस एवं कार टकराईं, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त
