गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दिल्ली की अदालत ने अमानतुल्लाह खान की पुलिस हिरासत पांच दिन बढ़ाई

ID:58830146

नयी दिल्ली : दिल्ली की एक अदालत ने दिल्ली वक्फ बोर्ड में अवैध नियुक्तियों के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्लाह खान की पुलिस हिरासत पांच दिन और बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस ने खान की चार दिन की पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद उसे अदालत में पेश किया और 10 दिनों के लिए हिरासत की और मांग की। दिल्ली पुलिस के वकील ने कहा कि खान अस्वस्थ थे और सीने में दर्द की शिकायत होने पर उनके इलाज में दो दिन लगे।
उन्होंने कहा कि खान जांच एजेंसी के साथ ‘सहयोग’ नहीं कर रहे थे और दावा किया कि इस मामले में दुबई को धन हस्तांतरित किया गया है, इसलिए पूरी साजिश का खुलासा करने के लिए और पूछताछ की आवश्यकता है। खान के वकील ने और हिरासत का विरोध करते हुए कहा कि सरकारी वकील को इस बारे में सभी विवरणों का खुलासा करना चाहिए कि पैसा कैसे और किसको स्थानांतरित किया गया है। वकील ने कहा कि वह बिना ब्योरा दिए दुबई का नाम नहीं ले सकते।
दिल्ली पुलिस ने खान को 16 सितंबर को गिरफ्तार किया और चार दिन की पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद उसे और रिमांड पर लेने के लिए पेश किया। आरोप है कि खान ने दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में काम करते हुए अत्यावश्यक और रिक्तियों का हवाला देते हुए मानदंडों का उल्लंघन किया और अपने रिश्तेदारों और परिचितों सहित 32 लोगों को अवैध रूप से भर्ती किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *