गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कांग्रेस सरकार बनते ही मध्यप्रदेश में लागू होगी पुरानी पेंशन: कमलनाथ

भोपाल : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में 12 महीने बाद कांग्रेस की सरकार बनेगी और सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल कर दी जाएगी। श्री कमलनाथ ने बालाघाट के बारासिवनी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति समाज को जोड़ने की संस्कृति है। हम दिल जोड़ते हैं, रिश्ते जोड़ते हैं, परंपरा जोड़ते हैं और हर व्यक्ति को जोड़ते हैं, लेकिन आज भारत की संस्कृति पर हमला हो रहा है। बाबा साहब अंबेडकर ने हमें दुनिया का सबसे अच्छा संविधान दिया लेकिन आज बाबासाहेब के बनाए संविधान पर हमला हो रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश को भ्रष्टाचार में नंबर वन बना दिया गया, बलात्कार में नंबर वन बना दिया, बेरोजगारी में नंबर वन बना दिया। जब हम सत्ता में आए तो इस तरह का प्रदेश भाजपा ने हमें सौंपा था। उन्होंने कहा कि मैंने 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया तो क्या कोई अपराध किया। मैंने 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली दी तो कौन सा गुनाह किया। मैंने गौशाला खुलवाएं तो कौन सा गुनाह किया। उन्होंने कहा कि आचार संहिता का समय निकाल दें तो उन्हें सिर्फ साढ़े 11 महीने मुख्यमंत्री के तौर पर काम करने को मिला था।
श्री कमलनाथ ने कहा कि भाजपा के नेता सिर्फ कलाकारी की राजनीति करते हैं और झूठी घोषणाएं करते हैं। वे घोषणा नहीं करता लेकिन आज घोषणा कर रहे हैं कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का नौजवान रोजगार चाहता है। वह ठेका और कमीशन नहीं चाहता है। हम सब मिलकर एक ऐसा मध्यप्रदेश बनाने का संकल्प लें जहां पर खुशहाली हो और नौजवानों के पास रोजगार हो। इससे पूर्व खैरलांजी में श्री कमलनाथ ने रानी अवंती बाई की प्रतिमा का लोकार्पण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *