गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

डीएमआरसी, सन मोबिलिटी ने राष्ट्रीय राजधानी में स्वैपेबल बैटरियों वाले इलेक्ट्रिक ऑटो को दिखाई हरी झंडी

नई दिल्ली : दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) और सन मोबिलिटी ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के दक्षिण-पश्चिम जिले के द्वारका में उत्सर्जन-मुक्त कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए एक साझेदारी की। डीएमआरसी और सन मोबिलिटी ने द्वारका उपनगर के आठ मेट्रो स्टेशनों तक चलने के लिए इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों के बेड़े को हरी झंडी दिखाई। शुरुआत में इस बेड़े में 50 वाहनों को शामिल किया गया है, जो राष्ट्रीय राजधानी में तिपहिया वाहनों में ईवी को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार की पहल का एक हिस्सा है।

डीएमआरसी ने कहा कि वह सन मोबिलिटी को जनकपुरी पश्चिम, द्वारका और द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशनों पर उनके इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए पार्किंग और बैटरी स्वैपिंग सुविधाएं प्रदान करने के लिए परिसर का उपयोग करने की अनुमति प्रदान की है। स्वैपेबल बैटरी वाले वाहन यात्रियों के लिए किफायती साझा यात्री किराया सुनिश्चित करेंगे। इसका किराया पहले दो किमी के लिए 10 रुपये होगा जबकि उसके बाद प्रत्येक किमी के लिए इसमें पांच रुपये की मामूली बढ़ोत्तरी होगी।
इस अवसर पर दिल्ली सरकार के प्रधान सचिव आशीष कुंद्रा ने कहा, “ यह एक शानदार शुरुआत है। दिल्ली परिवहन विभाग ने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने और मेट्रो स्टेशनों के लिए मजबूत कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने जैसे दोहरे उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए डीएमआरसी और एक फ्लीट एग्रीगेटर ‘सन मोबिलिटी’ के साथ साझेदारी की है। हम आने वाले दिनों में अपने सहयोग को बढ़ाएंगे और जल्द ही अन्य स्थानों पर भी इसका विस्तार करेंगे। ”
डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक विकास कुमार ने कहा, “ सन मोबिलिटी से हमारी निरंतर साझेदारी यात्रियों को शून्य उत्सर्जन के साथ अंतिम छोड़ तक संपर्क सुविधा प्रदान करने वाले हमारे दृष्टिकोण को दर्शाता है। स्वैपेबल बैटरी समाधान हमारे सभी हितधारकों के सामर्थ्य और पहुंच में भी हैं। ”
सन मोबिलिटी के सीईओ अनंत बड़जात्या ने कहा,“ हम दिल्ली एनसीआर में मेट्रो के विस्तृत नेटवर्क में यात्रियों को अंतिम मील तक प्रदूषण मुक्त, विश्वसनीय और सस्ती यात्रा प्रदान करने के लिए डीएमआरसी के साथ जुड़ने पर गर्व महसूस करते हैं। हमारा फुल-स्टैक मोबिलिटी-एज-ए-सर्विस (मास) समाधान वाहन स्वामित्व, वित्तपोषण, बैटरी रखरखाव और प्रतिस्थापन और तिपहिया मालिकों के लिए चार्जिंग अवसंरचना की चिंताओं को दूर करता है।

मास रैपिड ट्रांजिट प्रदाता, ईवी ओईएम, चार्जिंग अवसंरचना संचालक और बेड़ा संचालक के बीच का यह सहयोग इस बात का उदाहरण है कि पीपीपी मॉडल के माध्यम से भारत में मल्टी-मॉडल परिवहन किस प्रकार से हरित हो सकता है। ” यह पहली बार है जब देश की राजधानी में इलेक्ट्रिक ऑटो बड़े पैमाने पर चलाये जाएंगे। इसके द्वारा डीएमआरसी के पहले से मौजूद 12 स्टेशन जुड़ गए हैं। सन मोबिलिटी, परिवहन क्षेत्र में ऊर्जा सेवाएं प्रदान करने वाली एक वैश्विक कंपनी है जो इलेक्ट्रिक वाहनों को तीव्र, सस्ती और सुविधाजनक ईंधन भरने में सक्षम बनाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *