बक्सर : बिहार में बक्सर जिले के बक्सर मुक्त कारागार के जेलर और कक्षपाल को एंटी लिकर टास्क फोर्स ने शराब के नशे में गिरफ्तार कर लिया। नगर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने शनिवार को यहां बताया कि एंटी लिकर टास्क फोर्स के द्वारा वीर कुंवर सिंह सेतु पर उत्तर प्रदेश से आने वाले लोगों की जांच की जा रही थी। इस दौरान वाहन पर सवार दो लोगों को संदेह के आधार पर रोका गया। पुलिस ने दोनों की जांच की तो दोनों शराब के नशे में पाए गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
श्री मालाकार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों लोगों को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी शराब पीने की पुष्टि हुयी। गिरफ्तार लोगों की पहचान बक्सर मुक्त कारागार के जेलर राम विनोद कुमार तथा कक्षपाल रूपक कुमार के रूप में की गयी है।
नशे में मुक्त कारागार का जेलर और कक्षपाल गिरफ्तार
