गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

प्रदूषण को लेकर बिहार सतर्क

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि वह प्रदेश में प्रदूषण को लेकर पूरी तरह से सतर्क हैं। श्री कुमार ने शनिवार को सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित ज्ञान भवन में इंडियन बिल्डिंग कांग्रेस की 101वीं गवर्निंग कौंसिल मीट एवं टेक्निकल सेमिनार का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिल्ली में प्रदूषण से संबंधित प्रश्न के उत्तर में कहा, “इन सभी चीजों के बारे में पूरी जानकारी ले लीजिए।

हम सभी जगह लोगों को इसके लिए अलर्ट किए रहते हैं। वर्ष 2018 से ही हम पराली नहीं जलाने के लिए लोगों को समझाते आ रहे हैं। इसके लिए हम तो सभी को कहते रहते हैं। इस बार भी लोगों को हमने बता दिया है कि पराली नहीं जलाएं। दिल्ली में जो प्रदूषण बढ़ रहा है वो आस पास के क्षेत्रों के कारण हो रहा है, इन सभी को समझने की जरूरत है।”
मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व कार्यक्रम में कहा कि उन्होंने बिहार में जो निर्माण कार्य करवाया है उसको जरूर देखकर जाइएगा। वह एक बार आग्रह करेंगे कि बिहार म्यूजियम भी इनलोगों को दिखवा दीजिएगा। बिहार म्यूजियम अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनवाया है, उसको भी एक बार देख लीजिए। उन्होंने कहा है कि चाहे बिल्डिंग बने, सड़क बने, पुल बने कोई भी चीज बने उसका निरंतर मेंटेनेंस होना चाहिए और उसके लिए उन्होंने संबंधित विभाग को ही कहा है। इसके लिए जितने लोगों की बहाली करनी पड़े, कीजिए। जब मेंटेनेंस पूरे तौर पर होगा तो कभी कोई गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं रहेगी।
श्री कुमार ने कहा कि सरदार पटेल भवन वो भी जाकर देखिए, कितना सुंदर और मजबूत बनाया गया है। नौ रिक्टर स्केल तक इस भवन को कुछ नहीं हो सकता है। यहां से सिर्फ पुलिसिंग का काम ही नहीं होगा बल्कि आपदा प्रबंधन का काम भी यहां से होगा। यहां पर जो लोग भी रहेंगे उनको सात दिन तक किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होगी। अंदर जरूरत के सारे इंतजाम किए गए हैं। बड़ी खुशी की बात है कि 20 जगहों से आप सबलोग यहां आए हैं।

आप सबलोगों का यहां स्वागत है। ये गरीब राज्य है लेकिन उसके बाद भी हमलोग सब के उत्थान के लिए काम करते रहते हैं। आपलोगों को पता है कि हम भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पढ़े हैं, लेकिन इंजीनियर की नौकरी नहीं किए। हमको नौकरी मिल गई थी फिर भी हम नौकरी नहीं किए और आंदोलन में लग गए, जे0पी0 मूवमेंट से जुड़ गए। हमलोग तो काम कर रहे हैं, सेवा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आपलोग विशेषज्ञ भी हैं इसलिए आपलोगों की सलाह से बहुत लाभ होगा कि भवनों का किस तरह से और बेहतरीन ढंग से मेंटेनेंस हो सकता है। हम यहां के अधिकारियों से भी कहेंगे कि आपलोगों की बात पूरी गंभीरता से सुनें। आपलोगों के अनुभव का फायदा उठाएं। आप यहां उपस्थित हुए हैं, पटना में आए हैं इसके लिए मैं आप सबलोगों को धन्यवाद देता हूं।”
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, जल संसाधन सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, भवन निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख राकेश कुमार, इंडियन बिल्डिंग कांग्रेस के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, इंडियन बिल्डिंग कांग्रेस के संस्थापक अध्यक्ष ओ. पी. गोयल, इंडियन बिल्डिंग कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप मित्तल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *