गया : बिहार की गया जिला पुलिस ने चावल व्यवसाई लूटकांड का उद्भेदन कर करते हुए मामले में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपाधीक्षक (नगर) पी.एन.साहू ने बुधवार को यहां बताया कि दो दिसम्बर की मध्य रात्रि कोतवाली थाना क्षेत्र के कठोकर तालाब मोहल्ला स्थित चावल व्यवसाई नेहाल कुमार से हथियार के बल पर अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था. दुकान बंद करने के समय तीन की संख्या में अपराधी पहुंचे थे और उन्होंने व्यवसाई को अपने कब्जे में लेकर दुकान के गल्ले में रखे 25 हजार रुपए, 10 हजार के सिक्के सहित चांदी के कई सिक्के लूट लिए। घटना के समय अपराधियों ने उनके साथ मारपीट भी की थी. जिसके बाद पीड़ित चावल व्यवसाई नेहाल द्वारा कोतवाली थाना में कांड संख्या 781/22 दर्ज कराया गया था.
श्री साहू ने बताया कि मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक हरप्रीत कौर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) अशोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जिसमें कोतवाली थाना सहित तकनीकी सेल के पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया। खुफिया विभाग से मिली जानकारी के बाद इस मामले में जिले के मानपुर प्रखंड के बुनियादगंज क्षेत्र के अलीपुर गांव में छापामारी की गई। जहां से रोहित उर्फ बिहारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
रोहित की निशानदेही पर दीपक कुमार एवं जितेश कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि घटना के समय अपराधियों ने जो कपड़े पहने थे, वह भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अपराध में शामिल दो अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। वहीं, गिरफ्तार दीपक कुमार का अपराधिक इतिहास रहा है, वह पूर्व में भी जेल जा चुका है।
