छपरा : बिहार में सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शनिवार को दो पक्षों के बीच हुये विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि मगाइडीह मिश्रवलिया गांव निवासी जगलाल महतो का विवाद कुछ दिन पूर्व जगदेव महतो के साथ हुआ था। आज जगलाल महतो के घर पर जगदेव महतो और उसके परिजनों ने मारपीट करने के बाद गोली चलायी। गोली लगने से जगलाल महतो का 22 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार महतो घायल हो गया।
सूत्रों ने बताया कि घायल अवस्था में परिजन मुकेश कुमार महतो को इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराये जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
आपसी विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या
