लखनऊ : समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय गर्ग ने जीएसटी छापेमारी की आड़ में दुकानदारों और व्यापारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुये आंदोलन और संघर्ष करने की घोषणा की है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से तत्काल छापेमारी, सर्वे और व्यापारियों पर हो रहे उत्पीड़न को रोकने की मांग की। श्री गर्ग ने कहा कि जिन उद्यमियों और व्यापारियों द्वारा दिए गये टैक्स से देश का विकास हो रहा है, आज जीएसटी के नाम पर उन्हीं व्यापारियों का विनाश और अपमान किया जा रहा है।
ये निंदनीय और भर्त्सनीय है और बहुत ही दुखद है। पूर्व मंत्री ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश विशेषकर कानपुर में उद्यमियों, दुकानदारों, व्यापारियों के यहां जीएसटी के नाम पर की जा रही छापेमारी के नाम पर आतंक व्याप्त है। छापेमारी बंद न होने की स्थिति में सड़क पर उतरकर समाजवादी पार्टी व्यापार सभा आंदोलन व सत्याग्रह करने को मजबूर होगी।
