गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

छात्र ने क्लास रूम में फांसी लगाकर की आत्महत्या

बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय के बाहरी हिस्से में स्थापित एक निजी विद्यालय के कक्षा 10 के छात्र ने आज क्लास रूम में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। बड़वानी के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रूपरेखा यादव ने बताया कि सीरवी इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा 10 के छात्र ओम सेप्टा ने अपने क्लासरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उक्त घटना क्लासरूम के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी।
उन्होंने बताया कि राजपुर तहसील क्षेत्र के साल खेड़ा निवासी 15 वर्षीय ओम कक्षा 6 से इसी स्कूल के हॉस्टल में रहकर अध्ययनरत था। उसकी अर्धवार्षिक परीक्षा चल रही थी और उसके सहपाठियों के मुताबिक कल उसका विज्ञान विषय का पेपर ठीक नहीं हुआ था, जिसके चलते वह अनमना सा था। आज नाश्ते के बाद एक सहपाठी ने उससे किसी विषय संबंधी प्रश्न पूछा था जिस पर उसने कहा कि वह वॉशरूम होकर आता है।
उन्होंने बताया कि इसके बाद वह अपने क्लास रूम में गया और पहले मफलर से फांसी लगाने की कोशिश की लेकिन असफल रहा। इसके बाद उसने मफलर से स्वेटर को उससे जोड़कर फांसी लगा ली। उन्होंने बताया कि जिस छात्र ने उससे प्रश्न पूछा था वह अधिक समय हो जाने के चलते उसे देखने आया, लेकिन ओम को फांसी पर लटकी हुई अवस्था में पाए जाने पर उसने शिक्षकों को सूचना दी। वे ओम को तत्काल अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि 5 दिसंबर को उसने हॉस्टल इंचार्ज को एक पत्र लिखा था। जिसमें उसने उल्लेखित किया था कि उसे शिक्षकों की बजाय अकेले ही पढ़ना ठीक लगता है। उसने यह भी लिखा था कि इसके चलते यदि रिजल्ट बिगड़ता है तो उसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार रहेगा। विद्यालय के प्राचार्य गोविंद भायल ने बताया कि वह बेहद अच्छे स्वभाव और गंभीर प्रकृति का छात्र था और कभी भी ऐसा नहीं लगता था कि वह इस तरह का कदम उठा लेगा। एसडीओपी ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि पढ़ाई के दबाव में उसने उक्त कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि छात्र के शव का आज पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *