भागलपुर : बिहार में भागलपुर जिले के तिलकामांझी थाना क्षेत्र में एक छात्र ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को यहां बताया कि इस क्षेत्र के एक गृहस्वामी के मकान में किराये पर रहने वाले छात्र राजा कुमार (22) बुधवार की देर रात को अपने कमरे में गले में फंदा लगाकर पंखे से लटक गया, जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई। मृतक बांका जिले के रजौन क्षेत्र का रहनेवाला था और वह भागलपुर स्थित टीएनबी कॉलेज में स्नातक का छात्र था। सूत्रों ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बंद कमरे का दरवाजा तोड़वाया और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। इधर पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
