छपरा : बिहार में सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र में छपरा – मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 722 पर अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से एक स्कूली छात्रा की मौत शुक्रवार को इलाज के दौरान हो गई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शोभेपुर गांव निवासी हरेंद्र राय की 9 वर्षीय पुत्री नंदनी गुरूवार को अपने विद्यालय से गणतंत्र दिवस और सरस्वती पूजा समारोह सम्पन्न होने पर वापस अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान अनियंत्रित वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
सूत्रों ने बताया कि हादसे में घायल छात्रा को इलाज के लिए परिजन जिला मुख्यालय छपरा के निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान आज छात्रा की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
सड़क हादसे में स्कूली छात्रा की मौत
