गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

तेजस्वी को लेकर लालू से हुई गुप्त डील पर जनता को जवाब दें नीतीश- सुशील

पटना : सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच क्या गुप्त समझौता (डील) हुआ है, यह जानने का पूरा हक बिहार की जनता को है।
मोदी ने शुक्रवार को यहां बयान जारी कर कहा कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने जो मुद्दे उठाये हैं, उसे टालने के बजाय नीतीश कुमार को उनका जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के अनुसार यह डील 2023 में श्री तेजस्वी प्रसाद यादव को मुख्यमंत्री बनवाने और नीतीश कुमार के राष्ट्रीय राजनीति में जाने की हुई है।
भाजपा सांसद ने कहा कि इस डील की सचाई क्यों छिपायी जा रही है । जगदानंद सिंह जब कह रहे थे कि बड़ी चीज पाने के लिए छोटी चीज का त्याग करना पड़ता है, तब उनकी बात का अर्थ क्या है । उन्होंने कहा कि कुशवाहा के मुद्दों का जवाब देने के बजाय नीतीश कुमार उनके दल बदलने पर अनावश्यक टिप्पणी कर रहे हैं जबकि वह स्वयं तीन बार लालू प्रसाद यादव के साथ गए और दो बार पलटकर भाजपा के साथ आए।
मोदी ने कहा कि जदयू अध्यक्ष ललन सिंह के बारे में नीतीश कुमार की क्या राय है, जो उन्हें तानाशाह और न जाने क्या-क्या बताते हुए कांग्रेस में चले गए थे। उन्होंने कहा कि अभी महत्वपूर्ण मुद्दा लालू प्रसाद यादव के साथ हुई उस डील को सार्वजनिक किया जाना है, यह नहीं कि किसने कब-कब पार्टी बदली।
भाजपा सांसद ने कहा कि राजद में जदयू का विलय कब होगा और तेजस्वी यादव इसी साल मुख्यमंत्री बनेंगे या वर्ष 2025 में महागठबंधन का नेतृत्व करेंगे, इन बातों पर पहेली क्यों बुझायी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *