गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गोलवलकर पर झूठ बोल रहे हैं लालू

पटना : सुशील कुमार मोदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व सरसंघचालक माधव सदाशिव गोलवलकर की चर्चित पुस्तक में दलितों के संबंध में अपमानजनक बातें लिखी होने के राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के दावे को गलत बताते हुए उन्हें चुनौती दी कि यदि वे इसे साबित कर देते हैं तो वह राज्यसभा से इस्तीफा दे देंगे ।
मोदी ने रविवार को बयान जारी कर पूर्णिया में शनिवार को महागठबंधन की रैली में आरएसएस के पूर्व सरसंघचालक गोलवलकर की पुस्तक का हवाला देकर भाजपा और संघ को दलित विरोधी बताने के लालू प्रसाद यादव के दावे का जवाब देते हुए कहा कि यादव गोयबल्स के चेले हैं और झूठ बोलने में वर्ल्ड चैम्पियन हैं, इसलिए वे बिना प्रमाण के कुछ भी बोल सकते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरसंघचालक और मनीषी विचारक माधव सदाशिव गोलवलकर की पुस्तक “बंच ऑफ थॉट्स” में दलितों और उनके काशी विश्वनाथ मंदिर प्रवेश के विरुद्ध कोई बात नहीं कही गई है। यादव ने विद्वेष फैलाकर हिंदू समाज को बांटने के लिए झूठी बात कही।
भाजपा सांसद ने कहा कि यदि यादव अपना आरोप साबित कर दें, तो वह राज्यसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे देंगे । उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहली बार देश को अतिपिछड़ा समाज का सुयोग्य प्रधानमंत्री दिया जबकि बाकी सभी दल उन्हें हटाना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *