गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

चार राज्यों में भाजपा-विरोधी पहले से एकजुट

किसे जोड़ेंगे नीतीश : सुशील

पटना : सुशील कुमार मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विपक्षी एकजुटता के प्रयास पर प्रहार करते हुए आज कहा कि जब बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर में भाजपा के विरोधी पहले से एकजुट हैं, तब कुमार किसको जोड़ने की बात कर रहे हैं?
मोदी ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि जो विपक्षी दल अब तक एक साथ नहीं आए, उन्हें नीतीश कुमार एक मंच पर ला भी नहीं सकते। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से समझौता नहीं करने की बात मुख्यमंत्री ममता बनर्जी साफ कर चुकी हैं। ऐसे में नीतीश कुमार क्या ममता बनर्जी को मना सकेंगे।
भाजपा सांसद ने सवालिया लहजे में कहा कि नीतीश कुमार तेलंगाना में केसीआर तथा दिल्ली-पंजाब-हिमाचल में अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस को कभी साथ ला सकते हैं क्या। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में न समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) साथ हो सकते हैं, न वहां कांग्रेस-बसपा ही हाथ मिला सकते हैं। वहां जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की कोई हैसियत भी नहीं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार विपक्षी एकता का जो गुब्बारा फुला रहे हैं, उसकी हवा वर्ष 2019 में ही निकल चुकी है।
मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस और अब त्रिपुरा में माकपा-कांग्रेस मिलकर भी भाजपा को नहीं हरा सके। उन्होंने कहा कि ईसाई-बहुल नगालैंड में भाजपा सहयोगी दलों के साथ मिल कर सरकार बना रही है। वहां नीतीश कुमार की पार्टी मुश्किल से एक सीट जीत पायी। उन्होंने कहा कि बिहार और राष्ट्रीय राजनीति, दोनों जगह नीतीश कुमार के लिए कुछ करने के लिए नहीं बचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *