पटना : नीतीश कुमार ने अधिकारियों को बिहार संग्रहालय का प्रबंधन और संचालन बेहतर ढंग से करने का आज निर्देश दिया।
कुमार ने शनिवार को उनकी अध्यक्षता में यहां एक, अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में बिहार संग्रहालय समिति की शासी निकाय की संपन्न द्वितीय बैठक में कहा कि बिहार म्यूजियम (संग्रहालय) एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का संग्रहालय है, जहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं। इस संग्रहालय का प्रबंधन और कार्यकलाप का संचालन बेहतर ढंग से करते रहें। बिहार संग्रहालय की डिजाइन अंतरराष्ट्रीय टीम के द्वारा की गयी है। यह अद्भुत और विशिष्ट है। इस संग्रहालय का मेंटेनेंस अतिमहत्वपूर्ण है, इस पर विशेष ध्यान दें।
मुखमंत्री ने कहा कि बिहार म्यूजियम में लगाये गये प्रदर्शों के ऐतिहासिक तथ्यों को बड़े शब्दों में और सहज ढंग से हिन्दी और अंग्रेजी में अंकित किया जाय ताकि लोगों को उस प्रदर्श के संबंध में ठीक ढंग से जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विद्यालय परिभ्रमण योजना के तहत बच्चे-बच्चियों को यहां भ्रमण कराते रहें ताकि वे ऐतिहासिक चीजों को बेहतर ढंग से जान सकें।
कुमार ने कहा कि पटना म्यूजियम का भी विस्तार किया जा रहा है। पटना म्यूजियम और बिहार म्यूजियम को आपस में अंडर ग्राउंड कनेक्ट किया जा रहा है, जब यह बनकर तैयार हो जाएगा तो यह भी अद्भुत होगा। इससे बाहर से आनेवाले लोगों को दोनों संग्रहालयों का एक साथ अवलोकन करने में सहूलियत होगी। पटना म्यूजियम और बिहार म्यूजियम दोनों म्यूजियमों की व्यवस्थाओं के एक साथ बेहतर प्रबंधन और संचालन के लिए एक कमेटी बनाई गई है।
कमेटी सभी चीजों की देखभाल करने के साथ ही अपने कार्य को ठीक से क्रियान्वित करते रहे। बिहार म्यूजियम और पटना म्यूजियम का मेंटेनेंस ठीक ढंग से कराते रहें, इसके लिए अधिकारी, अभियंता और कर्मचारी की आवश्यकता हो तो उनकी भी नियुक्ति कराएं। उन्होंने कहा कि संग्रहालय में रखे गए प्रदर्शों की जानकारी देनेवालों की भी व्यवस्था रखें ताकि लोगों को एक-एक चीज की जानकारी अच्छे से मिल सके।
