पटना : सुशील कुमार मोदी ने कहा कि 40 लाख की फिरौती के लिए बिहटा के स्कूली छात्र की हत्या, छपरा के जमीन कारोबारी का अपहरण और लालू प्रसाद के भतीजे नागेंद्र राय के दो करोड़ रुपये रंगदारी मांगने की घटनाएं प्रदेश में कानून-व्यवस्था की डरावनी स्थिति बयां कर रही हैं।
मोदी ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि एक माह में रंगदारी-फिरौती के लिए अपहरण और हत्या की दर्जन-भर घटनाएं हुईं। उन्होंने कहा कि इसी वर्ष 15 मार्च को लालू प्रसाद के भतीजे नागेंद्र राय ने हथियार के साथ एक भूखंड पर पहुंच कर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। इस पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
भाजपा सांसद ने कहा कि इससे पहले 23 फरवरी को सहकारिता मंत्री सुरेंद्र यादव के पुत्र को जेसीबी मशीन लगाकर अवैध खनन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसे जेल भेजने के बजाय उपमुख्यमंत्री की फोन पैरवी पर छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपराध और भ्रष्टाचार से समझौता कर जनता के जीवन को खतरे में डाल दिया है।
मोदी ने कहा कि महागठबंधन सरकार बनने के मात्र सात महीनों में अपहरण उद्योग में लालू-राबड़ी राज जैसी तेजी लौट आयी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कह, “बिहार में नीतीसे कुमार हैं, अपहरण उद्योग में फिर से बहार है।”
हत्या-अपहरण की घटनाओं से फिर सहमा बिहार
