भाजपा ने चौधरी को कमान देकर किया सम्मान : सुशील
पटना : सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि जब कांग्रेस नेता राहुल गाँधी और उनके समर्थक दल मोदी सरनेम मुद्दे पर पिछड़े समाज के करोड़ों लोगों का अपमान कर रहे हैैं, तब भाजपा ने सम्राट चौधरी को बिहार की कमान सौंप कर पिछड़ों के प्रति आदर और विश्वास प्रकट किया है ।
मोदी ने सोमवार को भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि उनके ऊर्जावान नेतृत्व में भाजपा 2024 के संसदीय चुनाव और 2025 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत प्राप्त करेगी । उन्होंने कहा कि पार्टी ने लोकसभा चुनाव से मात्र 10 माह पहले चौधरी को बड़ा दायित्व सौंपा है और भरोसा किया है कि वे कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी का जनाधार बढ़ाने में सफल होंगे।
भाजपा सांसद ने कहा कि वर्ष 2022 में गोपालगंज और कुढनी के उपचुनाव में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की हार ने उस लव-कुश वोट के भाजपा की ओर शिफ्ट होने की पुष्टि की, जिस पर नीतीश कुमार अपना एकाधिकार समझते थे। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के अध्यक्ष बनने से भाजपा के पक्ष में पिछड़े समाज के ध्रुव्रीकरण की प्रक्रिया तेज होगी । इससे संगठन में नये उत्साह का संचार अनुभव किया जा रहा है।
