दरभंगा : बिहार में दरभंगा जिले के नगर थाना क्षेत्र से पुलिस ने शनिवार की सुबह पेड़ से लटका एक युवक का शव बरामद किया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार ने यहां बताया कि स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधर पर वाटरवेज बांध किनारे रत्नोपट्टी मुहल्ला में आम के पेड़ से लटका हुआ एक युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के बघला गांव निवासी जयवर्धन भगत के पुत्र रामसेवक भगत के रूप में की गयी है। वह नगर थाना क्षेत्र के शिवाजीनगर मुहल्ले में किराए के मकान में रह रहा था और केलवा गाछी गांव में पान की दुकान चलाता था। वह तीन दिन पहले स्कूटी लेकर दुकान गया था और उसके बाद घर नहीं लौटा था। कुमार ने बताया कि विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को जांच के लिये बुलाया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिये दरभंगा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल (डीएमसीएच)भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा कि उक्त व्यक्ति की हत्या हुयी है या उसने आत्महत्या की है।
