पटना : राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव परिणाम पर आज कहा कि इस जनादेश से कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुक्त हो गया। सिंह ने शनिवार को चुनाव परिणाम पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में फायदा लेने के लिए भाजपा ने सभी हथकंडा को आज़माया। धार्मिक उन्माद चरम सीमा पर पहुंचाकर चुनाव प्रचार किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो पद की गरिमा के विरुद्ध प्रचार किया लेकिन वहां की भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के सामने सब फेल हुआ और कर्नाटक आज भाजपा मुक्त हुआ। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह देश के लिए एक बड़ा संदेश है। उन्होंने कहा कि इसके पहले विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश भाजपा मुक्त हुआ था और फिर दिल्ली नगर निगम से भी भाजपा मुक्त हुआ। इसी साल मध्यप्रदेश भी भाजपा मुक्त होगा और 2024 के लोकसभा चुनाव में तो देश का भाजपा मुक्त होना तय है।
