फिरोजाबाद : केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को कहा कि सरकार व्यापारियों की समस्याओं का निदान करेगी और भरोसा दिलाया कि अधिकारियों द्वारा व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं किया जाएगा। पालीवाल ऑडिटोरियम में व्यापारी मंडल सम्मेलन में शिरकत करने आए मौर्य ने कहा कि फिरोजाबाद जिले पहले सपा का गढ़ कहलाता था लेकिन यहां की जनता और कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा ने इसके लिए किले को ढहा दिया। इस बार भी यहां पर पार्टी भारी बहुमत से विजयश्री प्राप्त करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व वाली सरकार के नौ साल- सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के रहे है ,समाज के हर वर्ग और प्रत्येक गरीब को मिल रहीं उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं व बिजली, पानी, सड़क, तथा नई शिक्षा नीति व देश में उद्योगों और युवाओं को नए रोजगार देने का कार्य बिना भेदभाव के साथ किया है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुये उन्होने कहा कि अमेरिका में श्री गांधी भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री की आलोचना करते हैं। इससे प्रतीत होता है कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने व्यापारियों से 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए समर्थन मांगा। सिरसागंज प्रकरण में व्यापारी के साथ हुई गुंडागर्दी के मामले में व्यापारियों ने विरोध करते हुए डिप्टी सीएम को अवगत कराया। इस मामले में डिप्टी सीएम ने एसएसपी को कार्रवाई कर अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।
मंच से उपमुख्यमंत्री ने व्यापारियों को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि इस समय एक गिरोह सक्रिय हो गया है, जो सरकार को बदनाम करने के लिए आधार कार्ड में मोबाइल नम्बर डालकर फर्जी जीएसटी टैक्स को चोरी कर व्यापारियों को फंसाने का काम कर रहे हैं। ऐसे गिरोह से सावधान रहे।
बिहार के भागलपुर में 1710 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पुल के ढह जाने के मामले पर भी केशव प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो भ्रष्टाचार करेगा, उसका परिणाम गलत होता है। वहां भारतीय जनता पार्टी विरोध कर रही है। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। यह भ्रष्टाचार का पुल गिरा है जो लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ लामबंद हो रहे थे उनकी एकता का पुल टूट कर गिर गया है।
व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा
