छपरा : बिहार में सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र से पुलिस ने रविवार को नशाखुरानी गिरोह के शिकार एक व्यक्ति का शव बरामद किया। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव निवासी जयप्रकाश चौधरी (40) अपने पुत्र रोहित यादव के साथ शनिवार की देर रात को सूरत से छपरा आने वाली ट्रेन से छपरा जंक्शन पर उतर कर बस पकड़ने के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान स्टेशन परिसर में चिकित्सक की लोगो लगी कार पर सवार तीन लोगों ने उन्हें सीवान ले जाने की बात कहकर अपने कार में बैठाने के बाद कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। रोहित कोल्डड्रिंक का कम सेवन करने की वजह से हल्का बेहोश हो गया। इसके बाद रोहित के पिता के शव को कार सवार लोगों ने टेकनिवास गांव के समीप छपरा सीवान राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 531 पर फेंक दिया। सूत्रों ने बताया कि रोहित ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी। पोस्टमॉर्टम कराये जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
