गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

विभिन्न मांगो को लेकर किसानों ने दिया महाधरना

दरभंगा : बिहार राज्य किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष राम कुमार झा ने कहा कि देश को आजाद हुए करीब 75 साल हो गए लेकिन आज भी यहां किसानों की स्थिति ईस्ट इंडिया कंपनी के दौर के जैसी ही है। झा ने बुधवार को पूर्व सांसद भोगेंद्र झा की जयंती सह क्रांति दिवस एवं ऑल इंडिया किसान संघर्ष समन्वय समिति के राष्ट्रीय आह्वान पर अखिल भारतीय किसान सभा दरभंगा जिला परिषद् के द्वारा में पोलो मैदान स्थित धरना स्थल पर आयोजित महाधरना को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की किसान एवं मजदूर विरोधी भाजपा सरकार लगातार किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। किसानों से उसकी खेती किसानी छीनने पर आमादा है। लगातार सभी संसद के सत्रों में किसान विरोधी कानून बना रही है। जो किसान पूरे देश का पेट भरता है वह किसान आज आत्महत्या करने पर मजबूर है।
किसान सभा के नेता ने कहा कि सरकार के किसान विरोधी चरित्र अब उजागर हो चुका है। लेकिन सरकार को यह नहीं पता है कि किसान जब-जब अपने हक-हकूक के लिऐ और भारत को बचाने के लिए एकजुट हुआ है तब-तब केंद्र में बैठी सरकार को गद्दी छोड़नी पड़ी है। राम मनोहर लोहिया से लेकर पिछले वर्ष दिल्ली में चले किसान आंदोलन इसका जीता जागता उदाहरण इस केंद्र सरकार के सामने है। कॉरपोरेट के गिरफ्त में चलने वाली सरकार जानबूझकर किसानों को उकसाने का काम कर रही है।
जिला अध्यक्ष राजीव कुमार चौधरी ने कहा कि प्राकृति के द्वारा जो पानी हमें उपहार के रूप में मिला है वह पानी सरकार के गलत नीतियों के कारण अभिशाप बन गया है। उत्तर बिहार में जल संचयन व वितरण अगर सही तरीके से हो तो यहाँ सालों भर सभी तरह के फसलों का पैदावार बेहतर तरीके से होगा और यहाँ खेती पर निर्भर 80 प्रतिशत किसानों की आबादी खुशहाल होगी।
धरना को संबोधित करते हुए किसान सभा के पूर्व जिला महासचिव नारायण जी झा ने केंद्र और राज्य सरकार से दरभंगा जिला को सूखाग्रस्त घोषित करने, किसानों को फसल क्षति मुआवजा देने, बंद पड़े सरकारी नलकूपों को चालू करवाने, शहर में पेयजल संकट का स्थायी निदान करने, सी-2 के आधार पर सभी फसलों का लागत का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने की माँग की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कानून के आलोक में वर्तमान बाजार मूल्य के आधार पर सभी अधिग्रहित जमीन का मुआवजा किसानो को दिया जाए।
धरना को पूर्व जिला अध्यक्ष अहमद अली तमन्ने, किसान नेता शैलेन्द्र मोहन ठाकुर, विश्वनाथ मिश्र, चन्द्रेश्वर सिंह, एआईएसएफ के राज्य सह सचिव शरद कुमार सिंह, जिला सचिव शशिरंजन प्रताप सिंह, मुखिया कुमार किसलय, किसान नेता रामनाथ पासवान, रामचंद्र साह, आशुतोष मिश्र, गौतम कांत चौधरी, सुकुमारी, विधा देवी, गंगाराम साह, भगवान लाल पासवान, सुरेन्द्र प्रसाद सिंह, गुड्डू यादव आदि ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *