पटना : नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं के प्रदेश में विकास कार्य नहीं होने के आरोप पर पलटवार करते हुए आज कहा कि उनके बयान का कोई महत्व नहीं है। कुमार ने सोमवार को यहां जेपी गंगा पथ पर दीघा से गांधी मैदान तक के क्षेत्र में सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर प्रस्तावित परियोजना का स्थल निरीक्षण करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत के दौरान भाजपा के प्रदेश में काम नहीं होने के आरोप के संबंध में पूछे जाने पर कहा, “इसका जवाब तो आपलोगों को देना चाहिए।
आपलोग खुद देखिए और उनलोगों को बताइये कि यहां कितनी तेजी से काम हो रहा है। हम उनलोगों का कोई बयान नहीं देखते-सुनते हैं। जब भाजपावाले साथ थे तो कभी कोई कुछ नहीं बोलता था। अब जब काम तेजी से करवा रहे हैं तो कुछ-कुछ बयान आने लगता है। इसका कोई मतलब नहीं है। उन लोगों के बोलने का कोई वैल्यू नहीं है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि जेपी गंगा पथ का एक हिस्सा बनकर तैयार हो गया है और दूसरा हिस्सा भी जल्दी से बनकर तैयार हो जाएगा।
सब काम जल्दी से हो जाए और लोगों को अधिक से अधिक सुविधा मिले यही देखने के लिए वह यहां बराबर आते रहते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के शुरुआती दौर में पूरी तरह से इसके बन जाने के आसार हैं। पहले चरण का उद्घाटन किया गया था। अभी दूसरे चरण का उद्घाटन किया गया है, जो दीघा से गायघाट तक है। जल्द ही तीसरे चरण में दीदारगंज तक सड़क बना ली जाएगी।
कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष एक हिस्सा यानी गांधी मैदान से दीघा तक पूरा हुआ था फिर इस साल यानी वर्ष 2023 में गायघाट तक काम पूरा हुआ और वर्ष 2024 में दीदारगंज तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कच्ची दरगाह से बिदुपुर तक छह लेन का पुल बन रहा है, हालांकि उसके निर्माण में थोड़ी देरी हुई है। अगले साल यानी 2024 के शुरुआती दौर में उस पुल का काम भी पूरा हो जाएगा।
