पटना : बिहार में पटना व्यवहार न्यायालय स्थित राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की विशेष अदालत ने औरंगाबाद जिले के चर्चित नरेश सिंह भोक्ता हत्याकांड के जेल में बंद एक अभियुक्त को हिरासती पूछताछ के लिए सात दिनों की पुलिस रिमांड पर एनआईए को सौंपे जाने का आदेश दिया। एनआईए के विशेष न्यायाधीश अभिजीत सिन्हा की अदालत में एक आवेदन दाखिल कर एनआईए की ओर से मामले के जेल में बंद अभियुक्त औरंगाबाद जिले के मदनपुर क्षेत्र निवासी गोरा यादव उर्फ अनिल यादव को हिरासती पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर सोपे जाने की प्रार्थना की थी।
प्रार्थना स्वीकार करते हुए विशेष अदालत ने अभियुक्त को हिरासती पूछताछ के लिए सात दिनों की पुलिस रिमांड पर एनआईए को सौंपे जाने का आदेश आदर्श केंद्रीय कारागार बेऊर के अधीक्षक को दिया है l मामला वर्ष 2021 में औरंगाबाद के चर्चित नरेश सिंह भोक्ता हत्याकांड का है। औरंगाबाद में इस हत्याकांड की प्राथमिकी दर्ज कर स्थानीय पुलिस जांच कर रही थी। जांच में उग्रवादी संगठन की संलिप्तता उजागर होने पर मामला एनआईए को सौंपा गया। एनआईए अपनी प्राथमिकी संख्या 25/ 2022 दर्ज कर अनुसंधान कर रही है।
