गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

फुलवारीशरीफ कांड में पांच लोगों के खिलाफ आरोप पत्र

पटना : संप्रदायिक वैमनस्यता एवं अशांति फैलाने का प्रयास तथा देशद्रोह के चर्चित फुलवारीशरीफ कांड में राष्ट्रीय राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आज विशेष अदालत में पांच लोगों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दायर किया। एनआईए ने विशेष न्यायाधीश अभिजीत सिन्हा की अदालत में यह पूरक आरोप पत्र, केरल से गिरफ्तार के. एम. आबिद तथा कर्नाटक से गिरफ्तार किए गए मोहम्मद सिनान, मोहम्मद सरफराज, मोहम्मद इकबाल और अब्दुल रफीक के खिलाफ भारतीय दंड विधान और विधि विरुद्ध क्रियाकलाप निरोधक अधिनियम की अलग अलग धाराओं के तहत दाखिल किया है। पांचों आरोपी जेल में बंद है।
गौरतलब है कि बिहार में पटना के फुलवारीशरीफ थाना में 12 जुलाई 2022 को संबंधित मामला दर्ज किया गया था । इस मामले में 22 जुलाई 2022 को एनआईए ने अपनी प्राथमिकी संख्या आरसी 31/2022 के रूप में दर्ज की है। अदालत में विशेष कांड संख्या 7/2022 के रूप में दर्ज है। एनआईए इस मामले में आठ अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। आरोप के अनुसार, देश में अशांति फैलाने एवं आतंकवादी तथा गैर कानूनी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र में प्रशिक्षण केंद्र चलाया जा रहा था। प्राथमिकी में 26 लोगों को नामजद एवं अन्य अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *