जमुई : बिहार में जमुई जिले के गरही थाना क्षेत्र में शनिवार को पानी से भरे खड्ड में डूबकर दो बच्चों की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि पनभरवा नदी बालू घाट के समीप पानी से भरे खड्ड में स्नान करने के दौरान दो बच्चो की डूबकर मौत हो गयी। मृतक बच्चों की पहचान पनभरवा निवासी संतोष यादव के पुत्र कुणाल यादव (10) एवं सिकंदरा प्रखंड के नर्मदा गांव निवासी सकलदेव यादव के पुत्र पवन कुमार (11) के रूप में की गयी है।पवन कुमार अपने मामा के घर अपनी मां के साथ रक्षाबंधन के दिन आया था।
शनिवार की सुबह वह अपने ममरे भाई कुणाल यादव के साथ नदी स्नान करने गया था। सूत्रों ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों बच्चों के शव को गड्ढे से निकाला लिया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों बच्चे के शव को सड़क पर रख बड़ीबाग- गरही मार्ग को जाम कर दिया है। पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
