पटना : बिहार में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने नालंदा जिले में चंडी थाना क्षेत्र के नगरनौसा अंचल कार्यालय से अमीन मनोज कुमार को आज 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि चंडी थाना क्षेत्र के दस्तुरपर गांव निवासी अजय कुमार ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि अंचल अमीन मनोज कुमार ने जमीन मापी की रिपोर्ट देने के एवज में रिश्वत की मांग की है।
सत्यापन में मामला सही पाए जाने के बाद कार्रवाई करने के लिए ब्यूरो में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। सूत्रों ने बताया कि धवादल ने अंचल कार्यालय, नगरनौसा में अंचल अमीन मनोज कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए आज रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
