छपरा : बिहार में सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र में आज देर शाम को एक किराना व्यापारी की हत्या गोली मारकर कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि थाना क्षेत्र निवासी राजेश प्रसाद (70) अपने प्रतिष्ठान से संध्या 6.30 बजे पैदल ही अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान थाना क्षेत्र के प्रखंड कार्यालय के समीप आम के बागीचे में नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी।
गोली की आवाज सुन जबतक वहां ग्रामीण जुटते अपराधी भाग निकले। जिसके बाद वहां उपस्थित ग्रामीणों ने उन्हें इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। पुलिस मृतक के परिजनों के ब्यान पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
