पटना : बिहार में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बांका जिले के चांदन थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) मनोज कुमार पासवान को आज 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि चांदन थाना क्षेत्र के यादोरायडीह गांव के टुनटुन यादव ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि एसआई मनोज कुमार पासवान ने एक मामले में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने के एवज में रिश्वत की मांग की है।
सत्यापन के क्रम में शिकायत सही पाए जाने के बाद कार्रवाई करने के लिए ब्यूरो में पुलिस उपाधीक्षक गौतम कृष्ण के नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया। सूत्रों ने बताया कि धावा दल ने कार्रवाई के लिए घेराबंदी की और एसआई मनोज कुमार पासवान को चांदन थाना परिसर के बाहर पान की दुकान पर 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। निगरानी टीम गिरफ्तार करने के बाद एसआई को भागलपुर लेकर चली गई।
