बेतिया : बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में बेतिया नगर थाना क्षेत्र के सुप्रिया सिनेमा रोड पर पुलिस ने आज वाहन जांच के दौरान कटिहार जिले के कोढ़ा गिरोह के दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि आगामी दुर्गापूजा को लेकर पुलिस अधीक्षक ने जिला के सभी थाना को अपराध नियंत्रण के दृष्टिकोण से सघन वाहन जांच तथा जेल से छूटे अपराधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। इस निर्देश के आलोक में बेतिया नगर थाना ने एक टीम का गठन किया।
टीम नगर थाना क्षेत्र में सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित ट2 मार्ट के सामने वाहन जांच कर रही थी। इसी क्रम में एक मोटरसाईकिल पर सवार दो युवक पुलिस बल को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम खदेड़ कर उन लोगों को पकड़ लिया। सूत्रों ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवकों ने पूछताछ के क्रम में अपना नाम संजू कुमार और सुमित कुमार बताया तथा दोनों कटिहार जिला के कोढ़ा थाना क्षेत्र के जोराबगंज का रहने वाला है। इससे प्रतीत होता है कि ये कोढ़ा गिरोह के अपराधी हैं।
बरामद मोटरसाईकिल का कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया। पूछताछ में इन दोनों ने बताया कि इस मोटरसाईकिल को इनलोगों ने वैशाली (हाजीपुर) जिला से करीब तीन माह पहले चोरी किया था जिसका उपयोग ये अपराध करने में करते है। इन अपराधियों ने मंगलवार को बेतिया आकर नया बाजार चौक से एक मोटरसाईकिल की डिक्की को मास्टर चाबी से खोलकर एक लाख 19000 हजार रुपए चोरी कर कांटी, मुजफ्फरपुर चले गये थे।
सूत्रों ने बताया कि ये लोग अपराध करने के उदेश्य से ही आज बेतिया आये थे। पूछताछ में दोनों ने बताया कि बैंक से मोटा रकम निकालने वाले व्यक्तियों पर निगरानी कर उनका पीछा कर मौका मिलने पर डिक्की तोड़कर या थैला में रखे रुपए झपट्टा मारकर भाग जाते है। इस संबंध में नगर थाना में मामला दर्ज कर दोनों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
