छपरा : बिहार में सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के एक मध्य विद्यालय में शनिवार को मध्याह्न भोजन योजना के तहत छात्रों को दी गई खिचड़ी में कीड़े मिलने के बाद छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के माने मध्य विद्यालय में आज एनजीओ के द्वारा खिचड़ी बनाकर छात्रों के लिए लाया गया था। भोजनावकाश में जब खिचड़ी छात्रों के बीच परोसी गई तो उसमें से मृत कीड़े कुछ छात्रों के द्वारा देखा गए और जिसके बाद उन्होंने हंगामा शुरू कर दिए।
मामले की जानकारी मिलने पर वहां बच्चों के अभिभावक भी पहुंच कर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा कर रहे छात्रों एवं अभिभावकों को विधालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों ने शांत कराने के साथ ही खिचड़ी को फेंकवा दिया और इसकी सूचना वरीय पदाधिकारियों को दी। इस सम्बन्ध में एकमा के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रागिनी कुमारी ने बताया कि मामले की सूचना सारण के जिला शिक्षा पदाधिकारी को दी गई है। उनसे निर्देश प्राप्त होने पर कार्रवाई की जायेगी।
