गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

वैशाली में पुलिसकर्मी की हत्या

मुठभेड़ में दो अपराधी हुए ढेर

हाजीपुर : बिहार में वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र में वाहन जांच के क्रम में सोमवार को सशस्त्र अपराधियों ने जहां एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या दी वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद पकड़े गए दो अपराधियों ने जब भागने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें मार गिराया। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सराय थाना क्षेत्र में सूरज चौक के निकट नियमित वाहन जांच की जा रही थी।

इसी क्रम में वाहन सवार दो अपराधी वहां पहुंचे जब जांच टीम ने उन्हें रूकने का इशारा किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी। फायरिंग की घटना में पुलिस जवान तीस वर्षीय अमिताभ बच्चन की मौके पर ही मौत हो गयी। हालांकि, घटना को अंजाम देने के बाद फरार होने की कोशिश कर रहे दोनों अपराधियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों को पुलिस थाने ले जा रही थी तभी सदर थाना क्षेत्र के एकारा गांव के समीप उन्होंने पुलिस के साथ पहले हाथापाई की और जवानों को धक्का देकर भागने लगे। इसके बाद हुई मुठभेड़ में पुलिस टीम ने उन्हें मार गिराया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक पुलिस जवान मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर इलाके का रहने वाला था और कुछ दिन पूर्व ही उसकी तैनाती वैशाली जिले के सराय थाना में की गयी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *