बीड़ : महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण को लेकर जारी आंदोलन के कारण बीड जिले में बुधवार तक इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गयी हैं। यहां रविवार आधी रात से ही विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया है। सार्वजनिक और निजी संपत्ति को हुए नुकसान के कारण जिला कलेक्टर और मजिस्ट्रेट दीपा मुधोल मुंडे ने सोमवार रात आठ बजे तत्काल कर्फ्यू लगा दिया है। मुख्यमंत्री की बैठक के बाद इन प्रतिबंधों को और बढ़ा दिया गया है। बीड में एक नवंबर तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।
साथ ही एसआरपीएफ की पांच इकाइयां बीड में प्रवेश कर चुकी हैं। रात में बीड एसटी डिपो की कई बसों में तोड़फोड़ की गई। मराठवाड़ा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) स्थिति पर नजर रखने के लिए बीड पहुंच गए हैं। कर्फ्यू अगले आदेश तक बीड जिला मुख्यालय और सभी तालुका मुख्यालयों से पांच किलोमीटर की सीमा तक सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर यह आदेश लागू रहेगा।
सतारा में मनोज जारांगे पाटिल के आंदोलन के समर्थन में आज सतारा जिले में बंद का आह्वान किया गया है। मराठा क्रांति मोर्चा के संयोजकों ने इस बंद को बेहद शांतिपूर्ण तरीके से करने की अपील की है। मराठा आंदोलनकारियों ने सोलापुर के मोहोल तालुका में खंडाली पाटी के पास आगजनी की। मराठा प्रदर्शनकारियों ने सोलापुर-पुणे हाईवे पर टायर जलाकर मार्ग को जाम कर दिया था। सोलापुर-पुणे हाईवे जाम होने से कुछ देर के लिए ट्रैफिक रुक गया। साथ ही पिंपरी चिंचवड़ से पंढरपुर जाने वाली बस भी जला दी गई है। इस बस के यात्रियों को नीचे उतार दिया गया, जिसके बाद बस में आग लगा दी गई।
