महोबा : उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के पनवाड़ी क्षेत्र में बलबा,अशांति फैलाने और सरकारी कार्य मे बाधा उत्पन्न करने के मामले में 50 से अधिक लोगो के खिलाफ गम्भीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि नकरा गांव में सोमवार को आठ वर्षीय रोहित की रोडवेज बस से कुचल कर मौत हो गयी थी। हादसे से आक्रोशित सैकड़ो लोगो की भीड़ ने पनवाड़ी. राठ मार्ग पर जाम लगा कर यातायात बाधित कर दिया था।
घटना के समय उक्त बालक स्कूल जाने के लिए सड़क किनारे खड़ा वाहनों का इंतजार कर रहा था। राजमार्ग पर दुर्घटना के उपरांत बवाल शुरू हो गया था। जिसे रोकने को स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी जहां भीड़ ने दरोगा राम अवतार व पुलिस जवानों के साथ अभद्रता एवं मारपीट की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बेहद संवेदनशील घटना पर अत्यंत गलत प्रतिक्रिया देने पर मामले में कड़ी कार्याही की गई है। भीड़ में अहम भूमिका निभाने वाले 50 से अधिक लोगो पर गम्भीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करते हुए कार्यवाही अमल के लाई गई है। घटना के आरोपियों की पहचान तमाम वीडियो फुटेज ओर मोके पर लगे कैमरे के माध्यमो से की जा रही है। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें बनाई गई है। इस प्रकरण में अकेले दरोगा से मारपीट कर पुलिस की छवि खराब करने को बेहद गम्भीर मानते हुए कठोर कार्यवाही के निर्देश दिए गए है।
