गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गोली मारकर युवक की हत्या

आरोपी का मकान जमींदोज

मुरैना : मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के दिमनी में तेज आवाज में गाना बजाने के विवाद को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या करने के बाद माहौल तनावपूर्ण होने के बीच जिला प्रशासन ने आरोपी का मकान जमींदोज कर दिया। दिमनी से केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी नरेंद्र सिंह तोमर चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में यहां प्रशासन ने ऐहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।
दिमनी पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम रथोलपुरा निवासी एंदलसिंह गुर्जर (33) ट्रेक्टर ट्राली से रेत डालने का कार्य करता था। वो अपने ट्रेक्टर पर तेज आवाज में गाना बजाता था। इसी बात को लेकर पास के कंचनोधा गांव निवासी श्यामू तोमर ने इसका विरोध किया। दोनों के बीच कल दोपहर इस बात को लेकर विवाद हो गया। देर रात श्यामू तोमर अपने साथियों को साथ लेकर उसके गांव पहुंचा और एंदलसिंह को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजन सहित अन्य ग्रामीणों ने मुरैना अम्बाह मार्ग स्थित रतिराम पुरा गांव पर शव रखकर देर रात चक्का जाम कर दिया। आक्रोशित परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके मकान तोडने की मांग कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक मामले में 10 लोगों को आरोपी बनाया है।

वहीं जिला प्रशासन ने आज तड़के आरोपी के मकान को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में उनके ठिकानों पर लगातार छापे मार रही है। पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी चक्काजाम खुलवाने के लिए धरने पर बैठे ग्रामीणों से बात कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *